47वीं वाहिनी में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
निखिल राज स्टेट मीडिया प्रभारी बिहार /21 जून 2024 को भारत-नेपाल सीमा स्थित 47वीं वाहिनी के परिसर एवं समस्त समवायों में 10 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वाहिनी के कमांडेंट विकास कुमार, उप कमांडेंट दीपक कृष्ण, उप कमांडेंट, आगले प्रियदर्शन अरुण, अधिकारीगण एवं अन्य बल कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:00 बजे हुई, जिसमें प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन और शवासन जैसे अनेक आसनों का अभ्यास किया गया। इसके अतिरिक्त, प्राणायाम और ध्यान के सत्र भी आयोजित किए गए, जिनसे उपस्थित सभी कर्मियों ने मन और शरीर को स्वस्थ रखने की कला सीखी। वाहिनी के कमांडेंट ने इस अवसर पर बल कर्मियों को सम्बोधित करते हुए कहा, योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक और आत्मिक शांति का भी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से हमारी शारीरिक क्षमता और मानसिक शक्ति में वृद्धि होती है, जो हमारे दैनिक कार्यों में सहायक होती है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बल कर्मियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें तनाव मुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग का अभ्यास करेंगे और अपने सहयोगियों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितों द्वारा शांति और स्वास्थ्य की कामना के साथ हुआ। यह आयोजन बल कर्मियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार करने में सफल रहा।
0 Response to "47वीं वाहिनी में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन"
एक टिप्पणी भेजें