माता सीता के मायके से अयोध्या के लिए निकली कलेवा यात्रा का रक्सौल में भव्य स्वागत
निखिल राज ब्यूरों चीफ रक्सौल/कहते हैं कि भारत-नेपाल का बेटी-रोटी का संबंध है, जो सदियों से चला आ रहा है। इसका सबसे प्रमुख उदाहरण हमारे पूज्य श्रीराम एवं माता जानकी है। माता सीता अर्थात मां जानकी का मायके नेपाल के जनकपुर में है। ये रिश्ता राजा जनक के समय से जो जुड़ा आजतक अटूट है। अब ऐसे में जब आगामी 22 जनवरी को दशरथ नंदन प्रभु श्रीराम का अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा होने वाला है तो इसमें नेपाल कहां पीछे रहने वाला है। सबसे पहले नेपाल से जल गया और वहां से अक्षत आया और अब माता जानकी की नगरी जनकपुर से मां के ससुराल अयोध्या नगरी के लिए कलेवा जा रहा है, जिसमें आभूषण से लेकर बर्तन और मिष्ठान तक शामिल है। जिसके स्वागत के लिए स्वयं स्थानीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा एवं बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के नगर संयोजक दिग्विजय पार्थ, सीमा जागरण मंच के महेश अग्रवाल, एस एस बी से इं.मनोज कुमार शर्मा, सहायक सेनानायक मदन मोहन भट्ट 47वीं वाहिनी रक्सौल, भारत विकास परिषद के उमेश सिकारिया, बीजेपी नेता ई. जितेंद्र कुमार, राकेश कुशवाहा, राजकिशोर राय उर्फ भगत जी, गणेश मस्करा, पूर्णिमा भारती, कन्हैया सर्राफ एवं अशोक वैद्य के साथ हजारों रक्सौल नगरवासी एवं बीरगंजवासियों ने भारतीय सीमा के रास्ते कलेवा ले जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया। सभी को फूलमाला पहनाया गया और फिर से एक बार इस अटूट रिश्ते को और भी मजबूत कड़ी से बांध दिया गया। नेपाल के जनकपुर से निकली कलेवा गाड़ी बीरगंज होते हुए भारत के रक्सौल पर पहुंची, जिसका भव्य स्वागत किया गया।


0 Response to "माता सीता के मायके से अयोध्या के लिए निकली कलेवा यात्रा का रक्सौल में भव्य स्वागत "
एक टिप्पणी भेजें