कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया प्रखंड का दौरा, कई लोगों ने लिया सदस्यता
बीती संध्या रक्सौल प्रखंड के पलनवा जगधर पंचायत के भरवलिया गांव में पूर्वी चंपारण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ई शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय जी ने कांग्रेस की सदस्यता अभियान और जनसभा को संबोधित किया। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत जिले से आये कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रोफेसर विजय शंकर पाण्डेय, कांग्रेस नेता अखिलेश्वर यादव उर्फ भाईजी, कांग्रेस नेता मुमताज खां को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ई. शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय ने कहा कि आज देश में तानाशाही सरकार चल रही है। आम जनता के गाढ़ी कमाई को उनके जेबों से निकाल कर देश के सबसे बड़े उद्योगपति को दी जा रही है। अडानी और अंबानी 2014 के देश के कर्जदार थे, जो नौ सालों में देश उनका कर्जदार है। आजादी से लेकर 2014 तक विदेशी कर्ज जो 55 हजार करोड़ था, महज 9 सालों में एक लाख पैंतालीस हजार विदेशी कर्ज लिया गया है। आने वाले वक्त में देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमराने वाली है। जिला कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रोफेसर विजय शंकर पाण्डेय ने कहा कि नौ सालों के भाजपा के शासनकाल से आम जनता सभी परेशान हो चुके हैं जो घरेलू गैस सिलेंडर 440 रुपए में मिलते थे, आज 1100 रुपये पार चुके हैं। लोग गैस सिलेंडर को छोड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता अखिलेश्वर यादव उर्फ भाईजी ने कहा कि आने वाले आम चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार पूर्ण रूप से बनने जा रही है, इसलिए भाजपा वन नेशन वन इलेक्शन की बात कर रही है।कांग्रेस नेता मुमताज खां ने कहा कि देश में एक नफ़रत का माहौल बनाया जा रहा है, हमारी पीढ़ियों के नसों में धर्म के नाम पर जहर घोलने का काम किया जा रहा है और बताया जा रहा है कि हिन्दू खतरे में है। आजादी के बाद की यह पहली सरकार है जो 15% वाली आबादी से 85% लोगों को खतरे में बताती है। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव सह नगर प्रतिनिधि सदस्य बिहार विधान परिषद क्षेत्र संख्या 12 के प्रोफेसर अखिलेश दयाल ने कहा कि आम चुनाव के पहले श्री राम मंदिर का बनना तय है, लेकिन यह भी तय माना जा रहा है कि भाजपा चुनाव में जीतने के लिए देश में बहुत बड़ा दंगा करा सकती है और आपसी प्रेम सौहार्द और भाईचारे को लड़वाकर एक माहौल तैयार कर सकती है, जिसका सबसे बड़ा प्रमाण 14 फरवरी 2019 का पुलवामा हमला, जिसमें निर्दोष 42 वीर शहीद जवानों के परिवारों को इंसाफ नहीं मिल सका, क्योंकि नौ सालों में देश में बेरोजगारी, महंगाई, अर्थव्यवस्था, महिला सुरक्षा, किसानों की लचर व्यवस्था पर पुरी तरह यह सरकार फेल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रक्सौल कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मनोरंजन तिवारी ने किया। उक्त कार्यक्रम में प्रखंड उपाध्यक्ष ईश्वरचन्द्र प्रसाद, मुक्ति नाथ ओझा, जिला पार्षद महम्द नबी हसन, जिला पार्षद पति मंजू साह, जिला पार्षद संतोष कुमार, उनितलाल यादव, देवेन्द्र कुमार, शंकर सिंह, अजीत कुमार, किशुनदेव साह,महेश प्रसाद, शंभू प्रसाद, रामदेव प्रसाद, शिवजी प्रसाद, श्रीराम प्रसाद सहित अनेकों लोग उपस्थित थे।

0 Response to "कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया प्रखंड का दौरा, कई लोगों ने लिया सदस्यता"
एक टिप्पणी भेजें