6 अप्रैल को ITI परिसर में दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण, 1591 लाभार्थी होंगे लाभान्वित
22-23 मार्च 2025 को ITI मे शिविर में चिन्हित किए गए थे लाभार्थी
16 ब्लॉकों से 60 बसों व भोजन की समुचित व्यवस्था
देवरिया, 3 अप्रैल। जनपद में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारत सरकार की एडीआईपी (ADIP) योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को 6 अप्रैल को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
यह वितरण कार्यक्रम आईटीआई परिसर में आयोजित होगा, जिसमें माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा एवं सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने बताया कि एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से 22 व 23 मार्च 2025 को आयोजित शिविर में कुल 1591 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरणों हेतु चिन्हित किया गया था। सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक लाभार्थी का फोटो सत्यापन किया जाएगा तथा उपकरणों को क्यूआर कोड के माध्यम से लाभार्थियों से जोड़ा जाएगा, जिससे जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनपद के 16 विकास खंडों से कुल 60 बसों का संचालन किया जाएगा। साथ ही संबंधित ब्लॉकों पर भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई एवं सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिलाधिकारी ने अपील की है कि सभी चयनित लाभार्थी अपनी पर्ची एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 8 बजे तक अपने विकास खंड मुख्यालय पहुंचें। जो लाभार्थी सीधे कार्यक्रम स्थल पर आना चाहते हैं, वे प्रातः 9 बजे तक आईटीआई परिसर पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना की जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभान्वित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अशोक मद्धेशिया कि खास रिपोर्ट
0 Response to "6 अप्रैल को ITI परिसर में दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण, 1591 लाभार्थी होंगे लाभान्वित"
एक टिप्पणी भेजें