कांवड़ मार्गों का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
मारहरा। सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने मंगलवार को मारहरा का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल चौराहा, नदरई रोड, हनुमान चौक और लालपुर सहित प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। अस्पताल चौराहा कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्गों में से एक है, जहाँ से बड़ी संख्या में शिवभक्त गुजरते हैं।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे और कांवड़ियों के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ मारहरा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह और मिरहची थाना प्रभारी विदेश राठी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने अधीनस्थों को कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मार्ग में पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति और सौहार्द के साथ यात्रा संपन्न कराना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
0 Response to "कांवड़ मार्गों का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण "
एक टिप्पणी भेजें