मुख्य द्वार की कुंडी तोड़कर घुसे चोर, 20 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए
मारहरा। पत्नी के पथरी के ऑपरेशन के लिए परिवार के साथ अलीगढ़ गए देव सिंह के बंद मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। थाना मारहरा क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 स्थित मोहल्ला मकबूलगंज में चोर मुख्य द्वार की कुंडी तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारियों को खंगालकर 20 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
मोहल्ला मकबूलगंज निवासी देव सिंह पुत्र राम सिंह अपनी पत्नी मीरा देवी का पथरी का ऑपरेशन कराने तीन दिन पूर्व परिवार के साथ अलीगढ़ गए थे। मकान बंद होने की जानकारी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़ दी। इसके बाद घर के कमरों में प्रवेश कर अलमारियों और अन्य सामान को खंगाला। चोरों के हाथ नकदी और कीमती जेवरात लग गए, जिन्हें समेटकर वे फरार हो गए।
परिवार के वापस लौटने पर मुख्य द्वार की टूटी कुंडी देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों से नकदी व जेवरात गायब थे। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रकरण की जांच की जा रही है।
0 Response to "मुख्य द्वार की कुंडी तोड़कर घुसे चोर, 20 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए"
एक टिप्पणी भेजें