आरओ वाटर कूलर में उतरा करंट, मासूम की जान पर बनी
मारहरा। नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक स्थान पर लगाए गए आरओ वाटर कूलर में करंट आने से मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।मोहल्ला चौबदार की बस्ती चौराहे पर लगे वाटर कूलर से पानी पीने पहुंची आठ वर्षीय फिजा पुत्री असलम करंट की चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए अंगोछे की मदद से बच्ची को करंट से अलग किया, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची जैसे ही वाटर कूलर को छूकर पानी पीने लगी, उसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव करते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद लोगों में नगर पालिका के प्रति नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाए गए आरओ वाटर कूलरों की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने सभी वाटर कूलरों की तत्काल जांच कराकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
0 Response to "आरओ वाटर कूलर में उतरा करंट, मासूम की जान पर बनी"
एक टिप्पणी भेजें