-->
कलश वंदन यात्रा का मारहरा में भव्य स्वागत, संत रविदास के समरसता संदेश का हुआ प्रसार

कलश वंदन यात्रा का मारहरा में भव्य स्वागत, संत रविदास के समरसता संदेश का हुआ प्रसार

 


मारहरा। संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा का बुधवार को मारहरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन मिट्टी और जल से सुशोभित कलश के दर्शन के लिए विभिन्न स्थानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी।

यात्रा के नगर में प्रवेश करते ही मिरहची रोड स्थित बौद्ध बिहार पार्क, कुबातगंज, हनुमान चौक, महर्षि वाल्मीकि मंदिर और शिवगढ़ी सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश का अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर संत रविदास महाराज के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने श्रद्धापूर्वक कलश के दर्शन कर संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला सहसंयोजक विजय सिंह टाइगर ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस भारत का निर्माण संभव है।

यात्रा में आलोक कुमार जाटव, अमित कुमार दिवाकर, शिवम राजपूत, अंकित वाल्मीकि, राजू कठेरिया, गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल रहे।

0 Response to "कलश वंदन यात्रा का मारहरा में भव्य स्वागत, संत रविदास के समरसता संदेश का हुआ प्रसार"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article