-->
वैध बोली प्रस्तुत करने पर आरसीएस उड़ान योजना के तहत रक्सौल एयरपोर्ट का पुनरुद्धार : एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया

वैध बोली प्रस्तुत करने पर आरसीएस उड़ान योजना के तहत रक्सौल एयरपोर्ट का पुनरुद्धार : एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया

 

विक्की कुमार, ब्यूरो चीफ, पूर्वी चंपारण


रक्सौल। भारत नेपाल सीमा पर अवस्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के शहर रक्सौल में करीब छः दशक से बंद पड़े एयरपोर्ट को क्रियाशील बनाये जाने के संदर्भ में एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया ने वस्तुस्थिति स्पष्ट किया है। शिक्षाविद प्रो. (डॉ.) स्वयंभू शलभ को पीएमओ के माध्यम से भेजे गए मेल में एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के जेनरल मैनेजर विक्रम सिंह ने बताया है कि रक्सौल हवाई पट्टी बिहार आरसीएस दस्तावेज में असेवित हवाई अड्डों की सूची में उपलब्ध है। उड़ान योजना के तहत अब तक रक्सौल हवाई पट्टी को जोड़ने वाला कोई भी मार्ग किसी भी एयरलाइन बोलीदाता को आबंटित नहीं किया गया है। इसलिए रक्सौल हवाई पट्टी को आरसीएस उड़ान योजना के तहत इसके पुनरुद्धार के लिए नहीं लिया गया है। आगे स्पष्ट किया है कि बोली के आगामी दौर में यदि कोई एयरलाइन रक्सौल हवाई पट्टी से आरसीएस उड़ानों के संचालन के लिए वैध बोली प्रस्तुत करती है तो उड़ान योजना के प्रावधानों के अनुसार उस पर विचार किया जाएगा। श्री सिंह ने बताया है कि नागर विमानन मंत्रालय ने क्षेत्रीय हवाई सेवा को सुविधाजनक बनाने व प्रोत्साहित करने और आम लोगों के लिए हवाई यात्रा को सस्ता बनाने के लिए 21.10.2016 को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना आरसीएस उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना शुरू की है। आगे बताया है कि आरसीएस उड़ान बाजार संचालित तंत्र है। क्षेत्रीय हवाई संपर्क मार्गों के विकास को बाजार की ताकतों पर छोड़ दिया जाना प्रस्तावित है ताकि एयरलाइन्स विशेष मार्गों पर मांग और आपूर्ति की प्रकृति का आकलन करें तथा आरसीएस के तहत प्रक्रिया का नेतृत्व करें। एयरलाइनों का चयन पारदर्शी बोली प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना में निहित प्रावधानों के अनुसार असेवित और अंडरसर्वड हवाई अड्डों के पुनरुद्धार उन्नयन का कार्य चयनित एयरलाइन ऑपरेटर की वैध बोली और आरसीएस मार्गों के अवार्ड के माध्यम से इसकी पहचान पर किया जाएगा।

इस संदर्भ में डॉ. शलभ ने कहा कि एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा 121 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराये जाने की मांग के संबंध में बिहार सरकार द्वारा प्रक्रिया आरंभ की गई है जो स्वागतयोग्य कदम है। रक्सौल एयरपोर्ट को प्राथमिकता में लेकर भूमि उपलब्धता के साथ साथ निर्माण कार्य व उड़ान हेतु बिड की प्रक्रिया को पूरा किया जाना आवश्यक है ताकि यह एयरपोर्ट शीघ्र फंक्शनल बन सके।

0 Response to "वैध बोली प्रस्तुत करने पर आरसीएस उड़ान योजना के तहत रक्सौल एयरपोर्ट का पुनरुद्धार : एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article