रक्सौल स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के तहत रिमॉडलिंग के लिए हुआ शिलान्यास
•13. 96 करोड़ की लागत से बनेगा, पीएम ने किया वर्चुअल शिलान्यास, विधायक सहित अन्य पहुंचे
निखिल राज ब्यूरों चीफ पूर्वी चंपारण बिहार /रक्सौल स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के तहत 13.96 करोड़ की लागत से होने वाले रिमॉडलिंग कार्य का शिलान्यास सोमवार को किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा वर्चुअल रूप से देश में कुल 554 रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करते हुए यहां इसके कार्य की शुरूआत की गयी है। जिसमें रक्सौल जंक्शन भी शामिल है, जिसके लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पीएम नरेन्द्र मोदी के द्वारा ऑनलाइन शिलान्यास किये जाने के बाद यहां विधायक श्री सिन्हा ने अपर मंडल रेल प्रबंधक जितेन्द्र कुमार सिंह की उपस्थिति में शिलापट्ट से पर्दा हटाकर भौतिक रूप से इस शिलान्यास कार्यक्रम को पूरा किया। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तृती भी दी गयी। उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रमोद सिन्हा ने कहा कि रक्सौल स्टेशन पर दो नये प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया जायेगा। अब रक्सौल जंक्शन के दक्षिण और उतर से प्रवेश के लिए व्यवस्था रहेगी। बंद रैक प्वाइंट का भी निर्माण कराया जायेगा, जिससे प्रदूषण की समस्या समाप्त हो जायेगी। आगे यहां और भी प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाते हुए नये निर्माण कार्य कराया जायेगा। जिससे स्टेशन विकसित हो जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीआरएम जितेन्द्र सिंह ने किया, जबकि मंच का संचालन अभिजीत कुमार मोइत्रा ने किया। आगत अतिथियों का स्वागत स्थानीय रेल अधिकारियों के द्वारा किया गया।।कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विधायक श्री सिन्हा के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक जितेन्द्र कुमार सिंह, सीनियर डीएमई एस. शेखर व मौजूद वरीय रेल अधिकारियों, स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, बीजेपी नेता ई. जितेंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि राजकिशोर राय उर्फ भगत जी व अजय पटेल, गुड्डू सिंह, उपसभापति प्रतिनिधि राकेश कुशवाहा, प्रो. मनीष दुबे एवं बीजेपी महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ज्योतिराज गुप्ता ने दीप प्रज्वलित करके किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में डीसीआई संजय कुमार, आईओडब्लू प्रभात कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर ऋतु राज कश्यप, सीडब्लूएस उमेश कुमार, वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष माधव राजपाल के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता, उद्योगपति, व्यवसायी सहित अन्य मौजूद थे।
0 Response to "रक्सौल स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के तहत रिमॉडलिंग के लिए हुआ शिलान्यास"
एक टिप्पणी भेजें